Rudraprayag News: बिजराकोट के पास अलकनंदा नदी में गिरा बोलेरो वाहन, चालक की तलाश जारी
रुद्रप्रयाग के बिजराकोट के पास बोलेरो वाहन अलकनंदा नदी में गिर गया। हादसे के बाद चालक लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य टीमें जुटी हैं।
रुद्रप्रयाग में बिजराकोट के पास एक बोलेरो वाहन हादसे का शिकार होकर अलकनंदा नदी में जा गिरा। हादसे के बाद से वाहन चालक लापता बताया जा रहा है। चालक की तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर सर्च अभियान चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना चमसिल क्षेत्र के सारी बैंसोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि वाहन रविवार रात गौचर से बिजराकोट की ओर लौट रहा था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वाहन में चालक अकेला सवार था।
लापता चालक की पहचान बिजराकोट निवासी राकेश सिंह के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। रात में अंधेरा अधिक होने के कारण खोज अभियान में परेशानी आई और चालक का पता नहीं चल पाया।
सोमवार सुबह से संयुक्त टीमों ने दोबारा खोज अभियान शुरू किया। नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है और सभी चालक के सुरक्षित मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
