परिवहन विभाग की देर रात बड़ी कार्रवाई, 42 चालान और 10 वाहन सीज
देहरादून, 30 मई 2026।
देहरादून जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग ने 29/30 मई की देर रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा देहरादून डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान एआरटीओ प्रवर्तन देहरादून, एआरटीओ विकासनगर और इंटरसेप्टर टीम देहरादून ने संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहनों की सघन जांच की। टीमों ने आईएसबीटी, बल्लूपुर चौराहा, ट्रांसपोर्ट नगर और आशारोड़ी क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना, सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना था। जांच के दौरान बिना फिटनेस चल रहे वाहनों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ओवरलोड वाहनों और निजी वाहनों का ऑनलाइन माध्यम से व्यावसायिक उपयोग किए जाने जैसे मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया।

संयुक्त जांच अभियान में कुल 42 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 10 वाहनों को विभिन्न अभियोगों में सीज किया गया। सीज किए गए वाहनों में बिना फिटनेस संचालित वाहन, ओवरलोड वाहन और शराब के नशे में वाहन चलाने से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
परिवहन विभाग के अनुसार शराब पीकर वाहन चलाना सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। वहीं बिना फिटनेस और ओवरलोड वाहन भी सड़क हादसों के बड़े कारणों में शामिल हैं। ऐसे मामलों में विभाग द्वारा शून्य सहनशीलता की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा देहरादून डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल विभागीय कार्रवाई का विषय नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करना चाहिए, वाहन के दस्तावेज हमेशा अपडेट रखने चाहिए और किसी भी परिस्थिति में शराब या नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन नहीं चलाना चाहिए।
परिवहन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा में सहयोग दें। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को मजबूत करने के लिए इस तरह के विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
