भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड को मिल सकती है जगह, संगठन में बदलाव की अटकलें तेज
देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की नई टीम को लेकर उत्तराखंड में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि प्रदेश के कुछ वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिल सकती है।
सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के दौरान संगठन की स्थिति, नेताओं की सक्रियता और भविष्य की रणनीति को लेकर फीडबैक लिया। माना जा रहा है कि इसी दौरे के दौरान उन्होंने अपनी नई टीम के लिए कुछ संभावित नामों पर भी विचार किया।
भाजपा की नई टीम में उत्तराखंड से पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व सांसद और संगठन में लंबे समय से सक्रिय कुछ नेताओं को स्थान मिल सकता है। इन नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारी दी जा सकती है या किसी अन्य राज्य का प्रभार भी सौंपा जा सकता है।
महामंत्री संगठन अजय कुमार की विदाई के बाद पार्टी के भीतर बदलाव की चर्चाएं और तेज हो गई हैं। संगठन में नई नियुक्तियों को लेकर प्रदेश स्तर पर भी उत्सुकता बनी हुई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में राष्ट्रीय संगठन में कई अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
उत्तराखंड भाजपा के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि राज्य के कई नेता लंबे समय से संगठन और चुनावी प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। ऐसे में राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड को प्रतिनिधित्व मिलने से प्रदेश के नेताओं का कद भी बढ़ सकता है।
हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से किसी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन नितिन नवीन के दौरे के बाद से यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के कुछ चेहरों को अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।
