विश्व पर्यावरण दिवस पर मंत्री खजानदास ने किया पौधारोपण, हरित और स्वच्छ समाज का दिया संदेश
देहरादून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने देहरादून के कई क्षेत्रों में पौधारोपण कार्यक्रमों में भाग लिया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने गुरुनानक दून वैली स्कूल, खुड़बुड़ा क्षेत्र, आनंद चौक और तिलक रोड सहित विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए।
इस दौरान मंत्री खजानदास ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर जलवायु और सुरक्षित भविष्य का आधार बनेंगे।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे खाली स्थानों, सार्वजनिक स्थलों और अपने घरों के आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल भी करें। मंत्री ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों को पेड़ बनने तक संरक्षण मिले।
खजानदास ने बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन पर चिंता जताते हुए कहा कि प्लास्टिक का कम उपयोग, जल और बिजली की बचत, स्वच्छता और हरियाली को बढ़ावा देना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, पूर्व दायित्वधारी रविन्द्र कटारिया, पार्षद विमला गौड़, अनिता गर्ग, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, पूनम शर्मा, भाजपा नेता गुरप्रीत सिंह छाबड़ा सहित अनेक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने हरित उत्तराखंड और स्वच्छ वातावरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
