देहरादून में साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा, तीन आरोपियों पर FIR दर्ज
देहरादून। साइबर ठगी से जुड़े एक अंतरराज्यीय नेटवर्क के मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि ये लोग देश के अलग-अलग राज्यों में हुई साइबर ठगी से प्राप्त रकम को बैंक खातों के जरिए इकट्ठा कर उसे आगे ट्रांसफर करने में शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, शेयर मार्केट फ्रॉड, ऑनलाइन ट्रेडिंग, टास्क फ्रॉड और पार्ट टाइम जॉब के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की जा रही थी। ठगी की रकम को छिपाने और असली अपराधियों तक पहुंचाने के लिए कई बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया।
साइबर क्राइम थाना में तैनात निरीक्षक सुधीर कुमार की तहरीर के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। शुरुआती जांच में सामने आया कि ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में जमा कर उसकी लेयरिंग और वितरण किया जा रहा था। जिन तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, वे देहरादून के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य खातों, लेन-देन और वास्तविक लाभार्थियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी के मामलों में म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए लोगों को अपने बैंक खाते, ओटीपी और दस्तावेज किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने चाहिए।
