उत्तरकाशी में लापता ट्रैकर बबीता की तलाश तेज, दयारा से डोडीताल तक बढ़ा सर्च ऑपरेशन
उत्तरकाशी। दयारा बुग्याल ट्रैक क्षेत्र में लापता महिला ट्रैकर बबीता पांडे की तलाश लगातार जारी है। खोज अभियान को अब दयारा बुग्याल से आगे बढ़ाकर डोडीताल ट्रैक क्षेत्र तक विस्तारित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी बबीता पांडे अपने दो साथियों के साथ दयारा बुग्याल ट्रैक पर आई थीं। इसी दौरान वह गोई क्षेत्र के पास रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गईं। घटना के बाद से प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।
रविवार को युकाडा के हेलीकॉप्टर की मदद से दयारा ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया गया। हेली सर्वे के जरिए उन दुर्गम स्थानों को भी देखा गया, जहां पैदल पहुंचना मुश्किल है।
रेस्क्यू टीमों की ओर से जंगल, बुग्याल, ट्रैक रूट, खाइयों और संभावित रास्तों की बारीकी से जांच की जा रही है। अभियान में स्थानीय लोगों और ट्रैकिंग रूट की जानकारी रखने वालों की भी मदद ली जा रही है। प्रशासन का कहना है कि तलाश अभियान को हर संभावित दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
