उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में संबद्धता खत्म, मूल तैनाती स्थल पर लौटेंगे चिकित्सक और कर्मचारी

0
image51

देहरादून। उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में संबद्धता पर कार्य कर रहे चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को अब अपने मूल तैनाती स्थल पर वापस लौटना होगा। विभाग ने 31 मार्च तक जारी सभी संबद्धता आदेशों को निरस्त कर दिया है।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देशों के बाद स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि संबद्ध अधिकारी और कर्मचारी बिना देरी अपने मूल कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करें।

हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की थी। बैठक में मंत्री ने निर्देश दिए थे कि विभागों में अटैचमेंट पर कार्य कर रहे कार्मिकों को उनके मूल पदस्थापन स्थल पर भेजा जाए।

स्वास्थ्य महानिदेशालय ने सभी मंडलीय और जिला स्तरीय अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने को कहा है। साथ ही सक्षम प्राधिकारियों और आहरण-वितरण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जून और उसके बाद के महीनों का वेतन संबंधित कर्मचारी की मूल तैनाती स्थल पर उपस्थिति के आधार पर ही जारी किया जाए।

विभाग का मानना है कि इस कदम से स्वास्थ्य सेवाओं में खालीपन कम होगा और मूल तैनाती वाले अस्पतालों व कार्यालयों में कर्मचारियों की उपलब्धता बेहतर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!