सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश, सीडीओ ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत

0
image153

अल्मोड़ा, 10 जून।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित और निस्तारित शिकायतों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। सीडीओ ने अधिकारियों से कहा कि शिकायत निस्तारण से पहले शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर समस्या की वास्तविक स्थिति समझी जाए, ताकि समाधान केवल औपचारिक न होकर प्रभावी और व्यावहारिक हो।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निस्तारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी विभाग या कर्मचारी की ओर से शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई गई, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में पेयजल विभाग, जल संस्थान, यूपीसीएल और ग्राम्य विकास विभाग से जुड़ी शिकायतें अधिक संख्या में प्राप्त हो रही हैं। इस पर सीडीओ ने संबंधित विभागों को लंबित मामलों के त्वरित समाधान और शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाना जरूरी है, ताकि आम नागरिकों को बार-बार शिकायत दर्ज कराने की आवश्यकता न पड़े। बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!