आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ के आंदोलन को मिला पंचकर्म सहायक एसोसिएशन का समर्थन : वी पी भट्ट ,प्रांतीय अध्यक्ष

0
image196

देहरादून, 16 जून :राज्य में लंबित मांगों के समाधान को लेकर चल रहे आंदोलन को अब विभिन्न कर्मचारी संगठनों का समर्थन मिलने लगा है। इसी क्रम में राजकीय आयुर्वेदिक डिप्लोमा पंचकर्म सहायक एसोसिएशन उत्तराखण्ड ने राजकीय आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ उत्तराखण्ड द्वारा किए जा रहे अनिश्चितकालीन धरना एवं पूर्ण कार्य बहिष्कार को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।

एसोसिएशन द्वारा जारी समर्थन पत्र में कहा गया है कि विभागीय संवर्गों से जुड़े लंबे समय से लंबित मामलों के निस्तारण की मांग को लेकर चिकित्सा सेवा संघ द्वारा 15 जून 2026 से शुरू किए गए आंदोलन को संगठन का पूरा सहयोग रहेगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की जायज मांगों के समाधान के लिए सभी संबंधित संवर्गों को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।

एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष वीपी भट्ट एवं महासचिव वैभव सेमवाल द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में कहा गया है कि चिकित्सा सेवा संघ द्वारा लिए गए सामूहिक निर्णय में पंचकर्म सहायक संवर्ग भी सहभागी रहेगा और आंदोलन के प्रति अपनी सहमति एवं समर्थन प्रदान करता है।

संगठन का कहना है कि विभागीय कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले लंबे समय से लंबित हैं, जिनके समाधान की दिशा में अब तक अपेक्षित प्रगति नहीं हो पाई है। ऐसे में कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं। एसोसिएशन ने आशा जताई कि शासन स्तर पर जल्द सकारात्मक पहल करते हुए कर्मचारियों की मांगों पर उचित निर्णय लिया जाएगा।

गौरतलब है कि आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ उत्तराखण्ड ने विभिन्न लंबित प्रकरणों के निस्तारण की मांग को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना और पूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू किया है। अब पंचकर्म सहायक एसोसिएशन के समर्थन से आंदोलन को और मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।

एसोसिएशन ने शासन एवं विभागीय अधिकारियों से कर्मचारियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से स्थिति का समाधान निकाला जाना चाहिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े और कर्मचारियों को न्याय मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!