टिहरी में NEET परीक्षा को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, एसएसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
टिहरी गढ़वाल में आयोजित होने वाली NEET परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। एसएसपी श्वेता चौबे ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और निगरानी व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

टिहरी गढ़वाल में आगामी NEET परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा से पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने संबंधित परीक्षा केंद्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और अन्य तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र के प्रवेश एवं निकास द्वारों, परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा के दौरान सभी तकनीकी उपकरण, विशेषकर सीसीटीवी कैमरे और जैमर, पूरी तरह सक्रिय और सुचारु रूप से कार्य करें।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु यातायात व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने परीक्षा अवधि के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने तथा होटल, ढाबों और अन्य ठहराव स्थलों की जांच करने के निर्देश जारी किए हैं। नकल गिरोहों और अन्य अवैध गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
इसके अलावा परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षा जांच और फ्रिस्किंग की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र तक न पहुंच सके।
पुलिस विभाग का कहना है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
