हरिद्वार में रेलवे भूमि से हटाया गया अतिक्रमण, दर्जनों झुग्गियां हटाईं
हरिद्वार, 24 जून। हरिद्वार में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत प्रशासन ने मंगलवार को रेलवे क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। टीबड़ी रेलवे अंडरब्रिज के आसपास रेलवे की जमीन पर बने अस्थायी अवैध ढांचों को हटाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया गया।
प्रशासन, रेलवे विभाग और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर करीब चार दर्जन झुग्गी-झोपड़ियों को हटाया। अधिकारियों के अनुसार यह भूमि लंबे समय से अवैध कब्जे की चपेट में थी, जिसके कारण रेलवे प्रशासन ने जिला प्रशासन से सहयोग मांगा था।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक स्थलों और सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए लगातार अभियान चला रही है। आगामी कांवड़ यात्रा और अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों को देखते हुए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऐसे कदम आवश्यक हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे भूमि, सड़क किनारों और अन्य सरकारी परिसरों पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा। लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील भी की गई है।
कार्रवाई के दौरान रेलवे, प्रशासनिक और पुलिस विभाग के कई अधिकारी तथा पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।
