जनता मिलन में मिली शिकायत पर तुरंत शुरू हुई नाले की सफाई
चम्पावत। जनता मिलन कार्यक्रम में दर्ज कराई गई एक शिकायत पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहनपुर आमबाग क्षेत्र में नाले की सफाई का कार्य शुरू करा दिया है।
ग्राम मोहनपुर आमबाग निवासी पुष्पा भट्ट ने शिकायत की थी कि खुले नाले का गंदा पानी जलभराव के कारण उनके घर और भूमि में प्रवेश कर रहा है, जिससे उन्हें लगातार परेशानी हो रही है। शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के अनुपालन में तहसीलदार पिंकी आर्य की देखरेख में सिंचाई विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से शिकायतकर्ता की मौजूदगी में नाले की सफाई शुरू कर दी।
कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन की त्वरित पहल पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों का आभार जताया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण किया जा रहा है।
