विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की डीएम अंशुल सिंह ने की समीक्षा

0
image323

छूटे मतदाताओं के गणना प्रपत्र जल्द जमा कराने के निर्देश

अल्मोड़ा, 30 जून: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

उन्होंने अभियान की प्रगति का जायजा लेते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को छूटे हुए मतदाताओं के गणना प्रपत्र शीघ्र एकत्रित करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम सभी के सहयोग से सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया तथा मतदाताओं ने भी सहयोग करते हुए भरे हुए प्रपत्र वापस सौंपे हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 5,27,424 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 57,548 मतदाताओं के गणना प्रपत्र अभी तक प्राप्त नहीं हो सके हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 10.91 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए गए थे, लेकिन कई मतदाताओं ने अभी तक भरे हुए प्रपत्र जमा नहीं किए हैं। ऐसे मतदाताओं से संपर्क कर उनके प्रपत्र समय रहते प्राप्त करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन से पहले संबंधित बूथों पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के बीच समन्वय स्थापित कर विशेष अभियान चलाया जाए। इससे छूटे हुए मतदाताओं के गणना प्रपत्र समय पर जमा हो सकेंगे और उन्हें बाद में नोटिस जैसी प्रक्रियाओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ लेवल एजेंटों के साथ समन्वय बनाकर अपूर्ण गणना प्रपत्रों को एकत्रित करने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाएं, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को निर्धारित समय सीमा में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!