जनता मिलन में डीएम ने सुनीं 31 जनसमस्याएं, अधिकांश शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान

0
image322

चम्पावत, 30 जून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

जनता मिलन के दौरान कुल 31 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।

कार्यक्रम में रोजगार, सड़क निर्माण, पेयजल, भूमि विवाद, सोलर स्ट्रीट लाइट, राशन कार्ड तथा पूर्ति विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

रोजगार की मांग पर ग्राम मंगोली निवासी विनोद कुमार के प्रकरण में जिला सेवायोजन एवं श्रम अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं मुड़ियानी गांव में दीवार और मार्ग निर्माण की मांग पर संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

सिरतोली से मंगोली मोटर मार्ग निर्माण की मांग पर लोक निर्माण विभाग को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं आर्थिक सहायता संबंधी आवेदन पर स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए तारबाड़ लगाने, बीपीएल राशन कार्ड बनाने सहित अन्य मामलों में भी संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक की समस्या का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!