हरेला पर्व की तैयारियां शुरू, जिलाधिकारी ने व्यापक वृक्षारोपण अभियान के दिए निर्देश
रुद्रप्रयाग, 30 जून। आगामी 16 जुलाई को मनाए जाने वाले हरेला पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पर्व को जनसहभागिता के साथ भव्य रूप से मनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला केवल पारंपरिक उत्सव नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का जनअभियान है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकासखंडों, तहसीलों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही पौधरोपण के बाद उनके संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्थानीय जलवायु के अनुरूप फलदार, छायादार और औषधीय पौधों के रोपण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. दिवाकर पंत ने सभी विभागों से अपनी कार्ययोजनाएं शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। प्रशासन ने इस वर्ष हरेला पर्व को जनआंदोलन के रूप में मनाते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है।
