ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस का एक्शन, सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने वाले पांच लोग गिरफ्तार

0
image394

सेलाकुई के मिलन चौक पर दो पक्षों में हुआ विवाद, बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई

देहरादून, 10 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

इसी अभियान के तहत थाना सेलाकुई पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और उपद्रव कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को यातायात नियमों का उल्लंघन करने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने और शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

गुरुवार को कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना सेलाकुई पुलिस को सूचना मिली कि चकराता रोड स्थित मिलन चौक के पास कुछ लोगों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हो गई है और दोनों पक्ष सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट पर उतारू हैं। सूचना मिलते ही थाना सेलाकुई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष लगातार आक्रामक बने रहे और आपस में झगड़ा करते रहे। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निजाम (24), कैफ (20), जैद (23), सलमान (24) तथा महेश (47) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग करने, मारपीट करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!