‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर में उमड़े लोग, 54 शिकायतों में 38 का मौके पर हुआ समाधान

0
image396

दर्जा राज्यमंत्री विनय रोहेला बोले—जनकल्याण और विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

जसपुर, 10 जुलाई। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा सप्ताह के तहत गुरुवार को जसपुर विकासखंड कार्यालय में बहु-विभागीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दर्जा राज्यमंत्री विनय रोहेला ने की। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जा राज्यमंत्री विनय रोहेला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सफल कार्यकाल के पांच वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों का व्यापक नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जिससे लोगों का समय और धन दोनों बच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार, किच्छा में एम्स की स्थापना, रिंग रोड निर्माण, मेडिकल कॉलेज, गदरपुर बाईपास और गदरपुर बस अड्डा जैसे कई महत्वपूर्ण विकास कार्य प्रदेश में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से धरातल पर उतर रही हैं और आम जनता को उनका सीधा लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री प्रदेश को अपना परिवार मानकर जनसेवा के भाव से कार्य कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप पिछले पांच वर्षों में विकास की अनेक उपलब्धियां हासिल हुई हैं।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह एवं मुकेश कुमार ने भी मुख्यमंत्री को पांच वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं देते हुए सरकार की विकासपरक नीतियों और जनहितकारी योजनाओं की सराहना की।

शिविर में उद्योग, मत्स्य, कृषि, श्रम, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, गन्ना विकास, समाज कल्याण, पशुपालन, स्वास्थ्य, होम्योपैथिक, सेवा योजन, रेशम विभाग तथा पंजाब नेशनल बैंक सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।

विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ भी वितरित किए गए। पशुपालन विभाग ने तीन पशुपालकों को दवाइयां प्रदान कीं, उद्यान विभाग ने एक किसान को कीटनाशक उपलब्ध कराया, महिला एवं बाल विकास विभाग ने चार महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की। वहीं होम्योपैथिक विभाग ने 11 तथा स्वास्थ्य विभाग ने 85 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। समाज कल्याण विभाग ने एक यूडीआईडी कार्ड बनाया तथा 22 वृद्धावस्था पेंशन बंद कराने संबंधी आवेदन प्राप्त किए। शिविर में 20 लोगों के आधार कार्ड भी बनाए गए।

जनसमस्याओं के समाधान के लिए आयोजित शिविर में कुल 54 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 38 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।

कार्यक्रम के समापन पर दर्जा राज्य मंत्रियों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर उनके कार्यों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अनूप कौर, उपजिलाधिकारी राहुल शाह, खंड विकास अधिकारी कमल किशोर पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!