नवादा में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 5 पशुपालकों पर 1.51 लाख रुपये से अधिक के चालान
खुले में पशु छोड़ने और गंदगी फैलाने पर कार्रवाई, बिना पंजीकरण मिले पालतू श्वान के मालिक को भी नोटिस
देहरादून, 11 जुलाई। नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम देहरादून ने नवादा क्षेत्र में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले पशुपालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम के पशु चिकित्सा अनुभाग ने क्षेत्र का निरीक्षण कर विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर पांच पशुपालकों के विरुद्ध कुल 1.51 लाख रुपये (₹1,51,500) के चालान काटे तथा नोटिस जारी किए।
यह कार्रवाई मिनी मसूरी जनकल्याण समिति, नवादा की शिकायत के बाद की गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि कई पशुपालक अपने मवेशियों को खुले में छोड़ रहे थे, जिससे वे सार्वजनिक सड़कों और गलियों में घूम रहे थे। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर गोबर फैलने से गंदगी और दुर्गंध की समस्या पैदा हो रही थी, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
अभियान के दौरान एक पशुपालक मौके पर मौजूद नहीं मिला। ऐसे में नगर निगम की टीम ने उसके विरुद्ध नियमानुसार नोटिस चस्पा कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। इसके अलावा निरीक्षण में एक पालतू श्वान का नगर निगम में पंजीकरण नहीं पाया गया। संबंधित स्वामी को नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर श्वान का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।
यह अभियान नगर निगम के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल के नेतृत्व में पशु चिकित्सा अनुभाग की टीम द्वारा चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी रोकने तथा डेयरियों और पशुपालकों द्वारा नगर निगम के नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा।
नगर निगम ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें, डेयरी संचालन के दौरान स्वच्छता बनाए रखें और नगर निगम के सभी नियमों का पालन करें। निगम ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर की स्वच्छता और नागरिकों की सुविधा प्रभावित न हो।
