हरेला पर मालाग्राम से मुख्यमंत्री धामी का हरित संदेश,
औषधीय पौधों के संरक्षण और हर्बल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा’श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का किया भ्रमण, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेशन्यूज वायरस नेटवर्क पौड़ी, 15जुलाई। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यमकेश्वर विकासखंड के मालाग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने सघन पौधरोपण कर प्रदेशवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का भ्रमण कर वहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय पौधों, अनुसंधान कार्यों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों का अवलोकन किया। उन्होंने परिसर स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जैव विविधता और हिमालयी औषधीय वनस्पतियां राज्य की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण, वैज्ञानिक शोध और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि हर्बल पार्क जैसे प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आयुर्वेद आधारित अनुसंधान, हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का अनूठा हर्बल पार्क है, जहां देशभर और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक आयुर्वेद और आधुनिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर उभर रहा है।कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
