प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन राष्ट्र को किया समर्पित

0
IMG-20260717-WA0005_copy_807x538

19 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आधुनिक स्टेशन में यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं, मुख्यमंत्री बोले— विकसित उत्तराखण्ड की दिशा में बड़ा कदमदेहरादून, 18 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया।

इसी क्रम में देहरादून स्थित पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जनप्रतिनिधि, रेलवे एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का उत्तराखण्ड की जनता की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास राज्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह स्टेशन आधुनिक सुविधाओं के साथ उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित करता है।

स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को स्थान देकर आधुनिकता और संस्कृति का सुंदर समन्वय किया गया है, जबकि अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव देंगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। रेलवे नेटवर्क के आधुनिकीकरण, सुरक्षा, गति और तकनीकी विकास के साथ वंदे भारत एवं नमो भारत जैसी आधुनिक स्वदेशी ट्रेनों ने देश की परिवहन व्यवस्था को नई पहचान दी है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों तक रेल संपर्क पहुंचाने का सपना भी तेजी से साकार हो रहा है। ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, जिससे राज्य के पर्यटन, व्यापार, रोजगार और सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही प्रदेश को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से यात्रियों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष उत्तराखण्ड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट उपलब्ध कराया है।

वहीं प्रदेश में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तराखण्ड के प्रति विशेष प्रतिबद्धता और विकास के प्रति उनकी दूरदृष्टि का प्रमाण है।मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन राज्य की विकास यात्रा में एक नया मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि यह स्टेशन विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने के साथ विकसित उत्तराखण्ड के “विकल्प रहित संकल्प” को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा। समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), जनप्रतिनिधि, भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकार के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!