नकारात्मक नैरेटिव से निपटेंगे दक्ष स्वयंसेवक, संघ तैयार कर रहा है सोशल मीडिया की विशेष टीम
सोशल मीडिया में नकारात्मक नैरेटिव (प्रचार) के इस दौर से निपटने के लिए आरएसएस दक्ष स्वयंसेवक तैयार कर रहा है। इसके लिए देहरादून में कई स्तर के प्रशिक्षण हो भी चुके हैं।
व्यक्तिगत स्तर पर परिवारों या समाज में घर-घर तक जुड़ाव रखने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक अब आपको सोशल मीडिया में भी सक्रिय नजर आएंगे। सोशल मीडिया में नकारात्मक नैरेटिव (प्रचार) के इस दौर से निपटने के लिए आरएसएस दक्ष स्वयंसेवक तैयार कर रहा है। इसके लिए देहरादून में कई स्तर के प्रशिक्षण हो भी चुके हैं।
बीते कुछ वर्षों में सोशल मीडिया में नैरेटिव का दौर तेज हुआ है। हाल-फिलहाल में भी कई ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिनमें संघ को लेकर भी तमाम तरह के नकारात्मक नैरेटिव सामने आ रहे हैं। लगातार बढ़ रही इस चुनौती से निपटने के लिए आरएसएस ने डिजिटल उपस्थिति को मजबूत करने की कसरत तेज की है। संघ ने भी माना है कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार के प्रचार तेजी से फैलते हैं।
इनमें कई प्रचार संघ और उसके विचारों के प्रति नकारात्मक होते हैं।इन नकारात्मक प्रचार का सामना करने के लिए विशेष रणनीति की आवश्यकता है। लिहाजा, संघ के स्वयंसेवकों को इसके लिए गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वे तथ्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपनी बात रखेंगे। इसका उद्देश्य समाज में सही जानकारी पहुंचाना है। यह टीम संघ के मूल्यों और कार्यों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगी।
