विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
अमीषा भट्ट
14 जुलाई से 13 अगस्त तक दर्ज कराए जा सकेंगे दावे और आपत्तियां, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूचीचम्पावत, 20 जुलाई 2026। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद चम्पावत में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने की प्रक्रिया जारी है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची की प्रतियां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं। जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण करने और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने में सहयोग करने का आह्वान किया।

बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 01 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके बाद 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया चलेगी। वहीं 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद चम्पावत की सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन किया जा चुका है। मतदाता सूची बीएलओ, तहसील कार्यालयों और जिला निर्वाचन कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से बीएलओ के जरिए अथवा ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।इसके अलावा यदि किसी मतदाता की मृत्यु हो चुकी है, वह संबंधित क्षेत्र में निवास नहीं करता है अथवा मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन या नाम विलोपन के लिए आवेदन किया जा सकता है।
बैठक में यह भी बताया गया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची में दर्ज विसंगतियों के साथ-साथ ASD (Absent, Shifted, Dead) सूची का भी परीक्षण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से उपलब्ध कराई गई सूचियों का गहन अध्ययन कर आवश्यक सुझाव और आपत्तियां निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करने की अपील की, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके।अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी बीएलओ और एईआरओ के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं।
प्राप्त आपत्तियों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय और तहसील स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं।
lनागरिक इन माध्यमों से मतदाता सूची से संबंधित अपनी शिकायतें और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।बैठक में लोहाघाट विधानसभा से भाजपा प्रतिनिधि सतीश चंद्र पांडेय, चम्पावत विधानसभा से भाजपा प्रतिनिधि शंकर दत्त पांडेय, कांग्रेस प्रतिनिधि धीरज सिंह, भाजपा प्रतिनिधि रोहित बिष्ट, बसपा जिलाध्यक्ष राम नरेश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीएस अधिकारी सहित संबंधित निर्वाचन अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
