एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में ‘टीम गौरा’ ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज किलकुलेश्वर में आयोजित किया विशेष जागरूकता कार्यक्रम

0
IMG-20260722-WA0065_copy_389x538

अमीषा भट्ट

छात्राओं ने सीखी आत्मरक्षा की तकनीकें, साइबर सुरक्षा के प्रति भी हुईं जागरूक

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में गठित ‘टीम गौरा’ द्वारा कीर्तिनगर क्षेत्र के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, किलकुलेश्वर में छात्राओं के लिए विशेष सेल्फ डिफेंस एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा के प्रति सक्षम बनाना और महिला एवं बाल सुरक्षा कानूनों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने, खतरे को पहचानने और त्वरित प्रतिक्रिया देने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। छात्राओं को यह भी बताया गया कि आत्मरक्षा केवल शारीरिक कौशल तक सीमित नहीं है, बल्कि सतर्कता, आत्मविश्वास और सही समय पर सही निर्णय लेना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।

पुलिस टीम द्वारा छात्राओं को POCSO अधिनियम-2012, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों तथा उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिला हेल्पलाइन एवं अन्य आपातकालीन सहायता सेवाओं के बारे में भी छात्राओं को अवगत कराया गया।कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।

छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ग्रूमिंग, फिशिंग, साइबर मॉर्फिंग, ऑनलाइन फ्रॉड तथा व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पुलिस टीम ने छात्राओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर घटना, ऑनलाइन उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचित करें।

साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए भी प्रेरित किया गया।इस अवसर पर महिला उपनिरीक्षक सुषमा रावत, एलसी दीपा, हेड कांस्टेबल मानसी, हेड कांस्टेबल हिमानी, चौरास चौकी से सहायक उपनिरीक्षक दीपेंद्र तथा सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षक सतेंद्र पुरी ने छात्राओं को आत्मरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया और महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं से महिला एवं साइबर सुरक्षा के प्रति सदैव सतर्क रहने, आत्मरक्षा के सीखे गए कौशल को व्यवहार में अपनाने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज में भी जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया गया।विद्यालय प्रशासन ने एसएसपी टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे, ‘टीम गौरा’ एवं कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!