अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने स्याल्दे सेवा पखवाड़ा शिविर में सुनीं जनसमस्याएं, 619 में से 608 आवेदनों का मौके पर निस्तारण
अमीषा भट्ट
स्याल्दे में आयोजित सेवा पखवाड़ा शिविर में 619 आवेदन प्राप्त, 608 का मौके पर निस्तारण*“सेवा, सुशासन एवं समर्पण” थीम के अंतर्गत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत शनिवार को विकासखंड स्याल्दे के राजकीय इंटर कॉलेज, मालीखेत में शिविर का आयोजन किया गया।
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र और विधायक महेश जीना ने विभिन्न विभागों के संबंध में प्राप्त आवेदनों को सुना और उनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया ।
शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।शिविर में 619 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 608 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागीय योजनाओं के माध्यम से लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया तथा 27 आधार कार्डों का पंजीकरण एवं संशोधन किया गया।शिविर में समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, जल संस्थान, श्रम, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज सहित विभिन्न विभागों ने आमजन को विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
शिविर में दर्जा राज्य मंत्री महेश्वर सिंह महरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख मथुरा दत्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
