होमगार्ड नैन सिंह और NGO कार्यकर्ता सुमित ने घायल गोवंश को बचाने के लिए रोकी बाइक, पेश की इंसानियत की मिसाल

0
Screenshot_20260825_175526_WhatsApp_copy_319x538

अमीषा भट्ट

*_“बेजुबान था, बोल नहीं सकता था… मगर उसकी पीड़ा समझी” — होमगार्ड नैन सिंह और सुमित की संवेदनशीलता ने पेश की इंसानियत की मिसाल।_*

*_यातायात ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड ने घायल गोवंश को देख रोकी बाइक, NGO कार्यकर्ता व स्थानीय लोगों की मदद से बचाने का किया प्रयास_*

🔶 मुनिकीरेती। दिनांक 22-08-2026 को होमगार्ड 1154 नैन सिंह, गूलर, दोगी, टिहरी गढ़वाल प्रातः अपनी बाइक से यातायात ड्यूटी हेतु तपोवन तिराहा, मुनिकीरेती आ रहे थे। इसी दौरान तपोवन तिराहे से लगभग 200 मीटर पूर्व बाइपास रोड पर उन्हें सड़क किनारे एक गोवंश लहूलुहान एवं घायल अवस्था में पड़ा हुआ दिखाई दिया।

🔷 स्थिति को देखते हुए होमगार्ड नैन सिंह ने बिना समय गंवाए अपनी बाइक रोकी और घायल गोवंश के पास पहुंचे। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा था कि गोवंश को किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।

🔶 होमगार्ड नैन सिंह ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल ऋषिकेश क्षेत्र में लंबे समय से NGO के माध्यम से सेवा कार्य कर रहे सुमित जी से संपर्क किया तथा आसपास मौजूद लोगों को भी मदद के लिए बुलाया। सूचना मिलते ही सुमित जी एवं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी ने मिलकर घायल एवं असहाय गोवंश की सहायता करने तथा उसका जीवन बचाने का हरसंभव प्रयास किया।

🔷 होमगार्ड नैन सिंह द्वारा यातायात ड्यूटी पर जाते समय अपने कर्तव्य के साथ-साथ एक घायल बेजुबान प्राणी के प्रति दिखाई गई संवेदनशीलता और तत्परता मानवता की एक प्रेरणादायी मिसाल है। वहीं, NGO कार्यकर्ता सुमित जी एवं स्थानीय लोगों द्वारा भी बिना किसी स्वार्थ के घायल गोवंश की मदद के लिए आगे आना समाज में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदना और सेवा भावना को दर्शाता है।

🔶 इंसान की सहायता के लिए तो अनेक लोग आगे आते हैं, लेकिन बेजुबान और असहाय पशु-पक्षियों की पीड़ा को समझकर उनकी मदद के लिए आगे आने वाले लोग वास्तव में समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। होमगार्ड नैन सिंह एवं सुमित जी का यह मानवीय प्रयास न केवल सराहनीय है, बल्कि आमजन को भी पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार बनने का संदेश देता है।

🔷 टिहरी पुलिस आमजन से अपील करती है कि सड़क पर किसी घायल पशु अथवा बेजुबान प्राणी को संकट की स्थिति में देखें तो यथासंभव उसकी सहायता करें तथा संबंधित विभाग/पशु सेवा संस्थाओं को तत्काल सूचना दें। मानवता केवल इंसानों की मदद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि हर जीव के प्रति संवेदना और करुणा रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

👉🏻टिहरी पुलिस की ओर से होमगार्ड नैन सिंह, NGO कार्यकर्ता सुमित जी एवं सहयोग करने वाले सभी स्थानीय नागरिकों के मानवीय प्रयास को सादर नमन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed