एक ही दुकान से जारी हुए सिम से 10 राज्यों में साइबर ठगी, प्राथमिकी दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
अमीषा भट्ट
हरिद्वार पुलिस ने साइबर ठगी के मामले की जानकारी ली तो नया खुलासा हुआ। कई संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जानकारी ली गई तो सामने आया कि नंबर एक ही दुकान से लिए गए थे।
साइबर ठगी के मामलों की जांच के दौरान हरिद्वार पुलिस को एक अहम जानकारी मिली है। समन्वय पोर्टल पर विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों का डाटा खंगालने पर कई संदिग्ध मोबाइल नंबर सामने आए हैं। जांच में इन नंबरों के सिम कार्ड बहादराबाद रोड स्थित एक ही पीओएस एजेंट की दुकान से जारी होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को उप निरीक्षक मनोज गैरोला ने थाना की यूनिक यूजर आईडी से समन्वय पोर्टल पर लॉगिन कर संदिग्ध सिम से संबंधित डाटा देखा। साइबर सेल हरिद्वार से प्राप्त डाटा के अवलोकन में विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों में इस्तेमाल हुए संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि दिल्ली, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, हरियाणा, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में दर्ज साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों में कुछ मोबाइल नंबर संदिग्ध पाए गए।
