टिहरी झील में बढ़ेगा एडवेंचर टूरिज्म का रोमांच, वाटर स्कीइंग के तीन कोर्स शुरू
अमीषा भट्ट
देशभर के प्रतिभागी ले रहे प्रशिक्षण, पर्यटन मंत्रालय के संस्थान IISM गुलमर्ग की पहल
टिहरी 09 सितंबर :उत्तराखंड की खूबसूरत टिहरी झील अब एडवेंचर टूरिज्म के एक बड़े केंद्र के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रही है। इसी दिशा में पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान (IISM), गुलमर्ग द्वारा टिहरी झील में वाटर स्कीइंग के विभिन्न प्रशिक्षण कोर्स आयोजित किए जा रहे हैं।
संस्थान द्वारा पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी टिहरी झील में वाटर स्कीइंग के तीन कोर्स—बेसिक, इंटरमीडिएट और एडवांस स्तर पर संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
संस्थान के अनुसार इस बार वाटर स्कीइंग कोर्स के लिए कुल 28 प्रतिभागियों ने नामांकन कराया था, जिनमें से 24 प्रतिभागियों ने संस्थान में रिपोर्ट कर प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया है।
वाटर स्पोर्ट्स के लिए बेहद उपयुक्त है टिहरी झील
भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान के अधिकारियों के अनुसार टिहरी झील का स्वच्छ और शांत पानी वाटर स्पोर्ट्स तथा विशेष रूप से वाटर स्कीइंग के लिए बेहद उपयुक्त है। झील की प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल परिस्थितियों को देखते हुए पर्यटन मंत्रालय ने लगातार दूसरे वर्ष यहां वाटर स्कीइंग के तीन प्रशिक्षण कोर्स आयोजित करने का निर्णय लिया है।
संस्थान का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल युवाओं को एडवेंचर स्पोर्ट्स से जोड़ेंगे, बल्कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को भी नई पहचान देंगे।
उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देना संस्थान का लक्ष्य
भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान, गुलमर्ग के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा, सेना मेडल एवं विशिष्ट सेवा मेडल ने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य के तहत इस वर्ष उत्तराखंड में टिहरी झील में तीन वाटर स्कीइंग कोर्स और ऋषिकेश में दो रिवर राफ्टिंग कोर्स संचालित करने की स्वीकृति दी गई है। इससे राज्य में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा मिलने के साथ ही युवाओं को विभिन्न साहसिक खेलों में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
टिहरी झील में आयोजित वाटर स्कीइंग कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागी वाटर स्कीइंग की बारीकियों के साथ ही सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं की जानकारी भी प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर IISM गुलमर्ग की असिस्टेंट डायरेक्टर रेनू बामरारा, कोर्स इंचार्ज प्रवीण सिंह, इंस्ट्रक्टर अरविंद, खलील और शबीर सहित प्रतिभागी इश्वीन, अमलेश, कुश, निकिता, अस्मित मित्तल, नेहा जोशी, गौरी, वर्षा अग्रवाल और अनुराग पांडे समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
टिहरी झील में इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही टिहरी को देश के प्रमुख वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
