डीएम मनीष कुमार ने पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर किया नमन, युवाओं को महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश

0
IMG-20260910-WA0003_copy_807x538

अमीषा भट्ट

*भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन*

*महापुरुषों के संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें युवा—जिलाधिकारी*

भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती गुरुवार को जनपद में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गोरलचौड़ मैदान स्थित वन पंचायत के पंत पार्क में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने पं. गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इसके उपरांत वन पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पं. गोविंद बल्लभ पंत के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर श्री शंकर पाण्डेय ने पं. गोविंद बल्लभ पंत के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की धरती पर जन्मे पं. गोविंद बल्लभ पंत महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल प्रशासक और दूरदर्शी राजनेता थे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ स्वतंत्र भारत की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने जनकल्याण, सामाजिक न्याय और सुशासन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए।

उन्होंने कहा कि पंत जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित रहा। उनके आदर्श आज भी समाज को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने विशेष रूप से स्कूली बच्चों एवं युवाओं को पं. गोविंद बल्लभ पंत के जीवन संघर्ष और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की सीख देता है। विद्यार्थियों को उनके जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों के बारे में जानना चाहिए तथा उनसे प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अनुशासन, परिश्रम और सेवाभाव को अपनाना चाहिए।

इस दौरान केएमवीएन के गैर सरकारी निदेशक श्री रोहित बिष्ट, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मान सिंह, अधिशासी अधिकारी श्री भारत त्रिपाठी, नगर पालिका के सभासद, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, स्कूली बच्चे एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!