जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में बड़कोट जनसेवा शिविर में 440 लोग हुए लाभान्वित, डीएम ने 140 शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

0
image400

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित शिविर में पीएम आवास, पेयजल और राजस्व संबंधी
शिकायतों पर मौके पर हुई कार्रवाई

बड़कोट, 11 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण : जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज बड़कोट में जनसेवा शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया, जबकि जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में आमजन की शिकायतों का मौके पर ही त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा 440 लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

शिविर में दर्जा राज्यमंत्री श्याम डोभाल की उपस्थिति में कुल 140 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश का समाधान मौके पर ही अधिकारियों की मौजूदगी में कर दिया गया। साथ ही लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

डीएम ने शिकायतों पर दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रवासियों ने भूमि, पेयजल, प्रधानमंत्री आवास योजना और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। रमेश चंद्र डोभाल ने अपने भूलेख में पैतृक नाम दर्ज न होने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को पात्रता, पंजीकरण, जियोटैगिंग और योजना की प्रक्रिया की पूरी जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ हर हाल में मिलना चाहिए।

भाटिया ग्राम में जल संस्थान के पुराने पेयजल टैंक से जुड़ी समस्या पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान को आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए। वहीं आराधना नौटियाल द्वारा मकान के नीचे की क्षतिग्रस्त दीवार की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगरपालिका बड़कोट को तत्काल सुरक्षा दीवार निर्माण कराने के निर्देश दिए।

डुख्याट गांव के ग्रामीणों ने शिकायत की कि जल जीवन मिशन की पाइपलाइन बनने के बावजूद पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता पेयजल को जल स्रोत का उपचार कर शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य जांच से लेकर उद्यान कार्ड तक मिली कई सेवाएं

शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 67 तथा आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग ने 95 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। राजस्व विभाग ने 110, सहकारिता विभाग ने 15, उद्यान विभाग ने 18 किसानों का उद्यान कार्ड पंजीकरण किया, जबकि कृषि विभाग, समाज कल्याण, उद्योग, डेयरी, ग्राम्य विकास, विद्युत, एनआरएलएम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचायतीराज, पशुपालन एवं बाल विकास विभागों ने भी अपने-अपने स्टालों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया।

हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: डीएम

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी कम करना तथा लोगों को उनके घर के निकट सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शिविर में सबसे अधिक शिकायतें प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित प्राप्त हुईं। जिन पात्र लोगों का नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे संबंधित खंड विकास कार्यालय या ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के माध्यम से पुनः आवेदन कर अपना सर्वे करा सकते हैं। यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल है तो उसकी सूचना ग्राम पंचायत को उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और जनसेवा शिविर इसी दिशा में एक प्रभावी पहल है।

शिविर में दर्जा राज्यमंत्री श्याम डोभाल, भाजपा जिला महामंत्री परशुराम जगूड़ी, उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, तहसीलदार रेणु सैनी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!