चार दिन बाद बहाल हुई पटियाला बस सेवा, तकनीकी खराबी से यात्रियों को हुई परेशानी
चार दिन से बंद पटियाला बस सेवा सोमवार को फिर शुरू हुई। तकनीकी खराबी और पार्ट्स की कमी के चलते यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
गर्मी बढ़ने के साथ रोडवेज बसों में तकनीकी दिक्कतें भी सामने आने लगी हैं। बसों में खराबी और जरूरी पार्ट्स उपलब्ध न होने के कारण कई रूटों पर संचालन प्रभावित हो रहा है, जिसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है।
कोटद्वार रोडवेज डिपो से दिल्ली, नोएडा, जयपुर, फरीदाबाद, गुरुग्राम, अमृतसर, पटियाला, पांवटा साहिब और चंडीगढ़ जैसे रूटों पर बस सेवाएं संचालित होती हैं। इन रूटों पर बस खराब होने की स्थिति में वैकल्पिक बस उपलब्ध न होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पिछले चार दिनों से पटियाला जाने वाली बस सेवा बंद थी। बताया जा रहा है कि बस तकनीकी खराबी के कारण कार्यशाला में खड़ी थी, लेकिन सामान की कमी के चलते मरम्मत समय पर नहीं हो पाई। इस वजह से लगातार कई दिन तक पटियाला रूट की सेवा रद्द करनी पड़ी।
सोमवार को बस सेवा दोबारा शुरू होने के बाद यात्रियों ने राहत महसूस की। रोडवेज डिपो कार्यालय के अनुसार, सुबह पटियाला के लिए बस रवाना कर दी गई। यात्रियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बस सेवाओं का नियमित संचालन जरूरी है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।
