Rishikesh News: महिला को बातों में उलझाकर जेवर, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हुए दो युवक
ऋषिकेश में दो युवकों ने महिला को बातों में उलझाकर जेवर, नकदी और मोबाइल फोन ठग लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
ऋषिकेश में ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां दो युवकों ने एक महिला को बातों में उलझाकर उसके जेवर, नकदी और मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। घटना सुभाष चौक के पास मुखर्जी मार्ग की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, श्यामपुर खदरी निवासी माधवी नेगी अपने पति की दवाई लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उन्हें रोककर किसी पते के बारे में पूछना शुरू किया। महिला ने जब जानकारी देने से मना किया, तभी दूसरा युवक भी वहां पहुंच गया और खुद को बाहर का निवासी बताते हुए बातचीत में शामिल हो गया।
दोनों युवकों ने महिला को इस तरह झांसे में लिया कि कुछ देर बाद महिला ने अपने कानों के टॉप्स, मंगलसूत्र, पर्स में रखी करीब ढाई हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन उन्हें दे दिया। आगे जाकर जब महिला को ऑटो का किराया देने की जरूरत पड़ी, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
घटना की जानकारी महिला ने किसी तरह अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यात्रा सीजन के दौरान इस तरह की घटनाओं को लेकर सतर्कता जरूरी है और मामले की जांच की जा रही है।
