दिल्ली में शिवराज सिंह चौहान से मिले सीएम धामी, पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में की शिरकत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की और उनकी पुस्तक ‘अपनापन–नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ के लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन–नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ के लोकार्पण कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी रही। इस अवसर पर पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुस्तक के प्रकाशन पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक प्रेरणादायक है और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अलग-अलग भूमिकाओं में मिले अनुभवों को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
पुस्तक में नेतृत्व, सेवा भाव, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐसे अनुभव समाज और युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करते हैं। उन्होंने पुस्तक को जनसेवा और राजनीतिक जीवन से जुड़े लोगों के लिए उपयोगी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई दिशा प्राप्त की है। वहीं शिवराज सिंह चौहान ने भी लंबे सार्वजनिक जीवन में सेवा और संगठन के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित नेताओं से भी मुलाकात की और विभिन्न विषयों पर औपचारिक चर्चा की।
