स्मार्ट मीटर के विरोध में किसानों ने खोला मोर्चा, गन्ना भुगतान की मांग भी उठाई

0

स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध और बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर किसानों ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और गन्ना मंत्री को ज्ञापन भेजा।

amishatimes-02

ऋषिकेश/डोईवाला। स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध और बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर किसानों ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय किसान सभा से जुड़े किसानों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई और उपजिलाधिकारी डोईवाला के माध्यम से गन्ना मंत्री को ज्ञापन भेजा।

किसान सभा के मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह के नेतृत्व में किसान जुलूस के रूप में तहसील पहुंचे। इस दौरान किसानों ने सरकार और संबंधित विभागों से समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।

संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक ताजेंद्र सिंह ताज ने कहा कि किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई और खेती की लागत बढ़ने से किसान पहले ही परेशान हैं, ऐसे में नए नियम और व्यवस्थाएं किसानों की मुश्किलें और बढ़ा रही हैं।

किसान सभा के जिलाध्यक्ष दलजीत सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कई जगह लोगों की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक असर किसानों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। किसानों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए और लोगों की राय को प्राथमिकता दी जाए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने भी किसानों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों का बकाया भुगतान लंबे समय से लंबित है, जिससे किसानों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि स्मार्ट मीटर का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार से जल्द बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने और स्मार्ट मीटर से जुड़ी व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की। इस मौके पर राजेंद्र पुरोहित, बलबीर सिंह, याकूब अली, जाहिद अंजुम, करतार सिंह नेगी, अनूप पाल, सरजीत सिंह, शुभम कांबोज सहित कई किसान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!