कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से की मुलाकात, 25 करोड़ की पहली किश्त जल्द जारी करने का आग्रह
उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर घेरबाड़ योजना के लिए घोषित धनराशि की पहली किश्त जल्द जारी करने का अनुरोध किया। साथ ही उन्हें जून में प्रस्तावित राज्य स्तरीय कृषक गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया।
नई दिल्ली, 27 मई। उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात में राज्य के किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों और आगामी कृषि कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।

भेंट के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखंड में घेरबाड़ कार्यों के लिए घोषित 90 करोड़ रुपये की धनराशि का उल्लेख करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री से पहली किश्त के रूप में 25 करोड़ रुपये शीघ्र जारी कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह धनराशि राज्य के कृषि क्षेत्र और किसानों के हित में महत्वपूर्ण साबित होगी।
मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को जून माह में प्रस्तावित राज्य स्तरीय कृषक गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। केंद्रीय कृषि मंत्री ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी सहमति प्रदान की।

गणेश जोशी ने बताया कि आगामी खरीफ सत्र को ध्यान में रखते हुए आयोजित होने वाली इस कृषक गोष्ठी में प्रदेशभर के किसान, कृषि वैज्ञानिक, स्टार्ट-अप्स, उद्यमी और विभागीय स्टॉल शामिल होंगे। इस आयोजन का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और सरकार की नई योजनाओं से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। गणेश जोशी ने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन “प्रयोगशाला से खेत तक” की सोच को आगे बढ़ाने में सहायक होंगे और किसानों की आय बढ़ाने के लक्ष्य को नई दिशा देंगे।

