एसआईआर प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भाजपा ने किया स्वागत
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने एसआईआर प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव आयोग की निष्पक्षता की पुष्टि बताया। उन्होंने विपक्ष से भ्रम फैलाने के बजाय प्रक्रिया में सहयोग की अपील की।
देहरादून। मतदाता सूची की एसआईआर यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भाजपा ने स्वागत किया है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जीत बताते हुए कहा कि अदालत के निर्णय से चुनाव आयोग की निष्पक्षता और संवैधानिक भूमिका पर मुहर लगी है।
चौहान ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। चुनाव आयोग द्वारा की जाने वाली ऐसी प्रक्रियाएं वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और सूची में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से यह स्पष्ट हुआ है कि संवैधानिक संस्थाएं अपनी मर्यादा और जिम्मेदारी के साथ काम कर रही हैं।
भाजपा नेता ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि अब विपक्ष को दुष्प्रचार करने के बजाय एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए।
चौहान ने कहा कि भाजपा हमेशा मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाए रखने के पक्ष में रही है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि पात्र नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रहें और मतदाता सूची में शुद्धता बनी रहे।
