ऋषिकेश-भद्रकाली मार्ग पर दर्दनाक हादसा, ट्रक दुर्घटना में चालक और महिला की मौत

0
amishatimes-033

ऋषिकेश। भद्रकाली क्षेत्र के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के नजदीक एक ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चालक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार ट्रक सड़क से अनियंत्रित होकर करीब 20 मीटर नीचे खेत की ओर जा गिरा। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि ट्रक के साथ सड़क किनारे लगे कंक्रीट के दो डिवाइडर भी टूटकर नीचे आ गिरे। ये डिवाइडर सड़क के बाईं ओर बनी झोपड़ी में रह रही महिला के ऊपर गिर गए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में ट्रक चालक की भी गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत टीम को हादसे की सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत-बचाव टीम ने डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। वहीं, वाहन चालक को टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल भेज दिया गया था, जहां उसे मृत घोषित किया गया।

हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मृतकों की पहचान

हादसे में मृत चालक की पहचान फारुख, निवासी बहादरपुर, लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। वहीं मृत महिला की पहचान कौशल्या, पत्नी सुरेश, उम्र 42 वर्ष, निवासी बावाड़ी शिवपुरी के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!