खराब मौसम के चलते केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई, यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका
रुद्रप्रयाग में भारी बारिश और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया। यात्रियों को सोनप्रयाग, गौरीकुंड और सुरक्षित होल्डिंग स्थलों पर रोका गया है।
केदारनाथ धाम क्षेत्र में पिछले कई दिनों से मौसम लगातार खराब बना हुआ है। भारी बारिश, आंधी-तूफान और प्रतिकूल मौसम की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया। मौसम विभाग की ओर से रुद्रप्रयाग जनपद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
खराब मौसम को देखते हुए यात्रियों को सोनप्रयाग, गौरीकुंड और अन्य नजदीकी होल्डिंग स्थलों पर सुरक्षित रूप से रोका गया। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मौसम सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे नहीं भेजा जाए। हालांकि दोपहर बाद मौसम में सुधार होने पर कुछ यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मौसम विभाग के अलर्ट और यात्रा मार्गों की स्थिति को देखते हुए एहतियातन यात्रा को रोका गया था। यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। मौसम सामान्य होते ही यात्रा को चरणबद्ध तरीके से फिर सुचारू किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील स्थानों पर तैनात अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से केदारनाथ यात्रा मार्ग की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही बिना अनुमति यात्रा मार्ग पर आगे न बढ़ें और सुरक्षित स्थानों पर ही रुकें।
