सीएम धामी ने बालिकाओं संग सुना पीएम मोदी का कार्यक्रम, छात्राओं से किया संवाद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की बालिकाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 134वां संस्करण सुना और छात्राओं से संवाद किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 134वां संस्करण सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने बालिकाओं से संवाद भी किया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ आज देशवासियों को प्रेरणा देने वाला एक प्रभावी और सशक्त माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे प्रेरणादायक कार्यों को सामने लाते हैं, जिससे अन्य लोग भी समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित होते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर लगातार दिए जा रहे संदेश समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। इन संदेशों का असर उत्तराखंड जैसे राज्यों में भी साफ दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने प्रयासों से समाज में बड़ा बदलाव ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने और उनके कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
सीएम धामी ने बताया कि आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने का संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने देसी और पारंपरिक पेय पदार्थों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। साथ ही आम सहित भारतीय फलों की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए स्थानीय और पारंपरिक खान-पान को अपनाने की बात कही।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने छात्राओं से बातचीत की और उनसे पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और रुचियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, मेहनत करने और समाज व प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
