यूजेवीएन लिमिटेड ने ऊर्जा संरक्षण के लिए मनाया ‘नो व्हीकल डे’, अधिकारी-कर्मचारी पैदल और सार्वजनिक परिवहन से पहुंचे कार्यालय
देहरादून। ऊर्जा संरक्षण, ईंधन की बचत और पर्यावरण सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यूजेवीएन लिमिटेड ने एक सराहनीय पहल करते हुए प्रत्येक शनिवार को ‘नो व्हीकल डे’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में शनिवार को देहरादून स्थित यूजेवीएन लिमिटेड मुख्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों ने निजी वाहनों का उपयोग न करते हुए पैदल, साइकिल और सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से कार्यालय पहुंचकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस पहल को प्रेरणादायक बनाने के लिए यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने स्वयं सार्वजनिक परिवहन से यात्रा की। वे जी.एम.एस. रोड तक सार्वजनिक वाहन से पहुंचे और वहां से पैदल चलते हुए निगम मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ पहुंचे। उनके साथ ही निदेशक परियोजना श्री सुरेश चन्द्र बलूनी ने भी सार्वजनिक परिवहन और पैदल यात्रा कर कार्यालय पहुंचकर अभियान का समर्थन किया।
प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज के समय की बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ऊर्जा बचत और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग को लेकर दिए गए संदेश तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप यूजेवीएन लिमिटेड लगातार नई पहल कर रहा है। इसी सोच के तहत निगम मुख्यालय में हर शनिवार ‘नो व्हीकल डे’ मनाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। यदि लोग सप्ताह में एक दिन भी निजी वाहन की जगह पैदल चलने, साइकिल चलाने या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की आदत अपनाएं, तो ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी लाई जा सकती है।
श्री सिंह ने बताया कि इस अभियान से कई सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं। इससे ईंधन की खपत कम होगी, ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन पर नियंत्रण में मदद मिलेगी, सड़क यातायात का दबाव घटेगा और लोगों में स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करेगी।
यूजेवीएन लिमिटेड मुख्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस अभियान का स्वागत किया। कर्मचारियों ने कहा कि यह पहल समय की मांग है और वे भविष्य में भी इसमें नियमित रूप से भागीदारी निभाएंगे। कई कर्मचारियों ने बताया कि वर्षों बाद उन्होंने स्थानीय आवागमन के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग किया, जिसका अनुभव उनके लिए रोचक और सुखद रहा।
प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को केवल योजनाओं और नीतियों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे जनभागीदारी से एक अभियान का रूप देना होगा। उन्होंने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड का ‘नो व्हीकल डे’ यह साबित करता है कि सामूहिक प्रयासों और व्यक्तिगत जिम्मेदारी से पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यूजेवीएन लिमिटेड की यह पहल अन्य सरकारी और निजी संस्थानों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि यह कदम ‘Mission LiFE – Lifestyle for Environment’ की भावना के अनुरूप सतत विकास और हरित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
