राष्ट्रपति के उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम ने दिए पुख्ता तैयारियों के निर्देश
देहरादून, 04 जून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति के दो दिवसीय कार्यक्रम को लेकर संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी और 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी यानी आईएमए में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

दौरे की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में राष्ट्रपति के आगमन, ठहराव, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी हर व्यवस्था समय से पहले पूरी कर ली जाए, ताकि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रपति निकेतन में बिजली, पेयजल, संचार सुविधा और अन्य जरूरी सेवाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और हर व्यवस्था का पहले से परीक्षण कर लें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंटीजेंसी प्लान तैयार रखने को भी कहा गया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने विशेष फोकस किया है। निर्धारित रूट पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, संवेदनशील स्थानों की निगरानी और संबंधित स्थलों पर लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
