मौसम के कारण राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा स्थगित, जल्द आने की बात कही
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा खराब मौसम के चलते स्थगित हो गया। वे अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करने और पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों से संवाद करने वाले थे, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब होने के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका।
जानकारी के अनुसार राहुल गांधी पंतनगर तक पहुंच गए थे, लेकिन अल्मोड़ा के लिए आगे की उड़ान मौसम और कम विजिबिलिटी की वजह से संभव नहीं हो पाई। सुरक्षा को देखते हुए कार्यक्रम टालने का फैसला लिया गया।
दौरा रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने उत्तराखंड की जनता के लिए संदेश जारी करते हुए कहा कि वे लोगों से मिलना और उनकी बात सुनना चाहते थे, लेकिन खराब मौसम के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही दोबारा उत्तराखंड आएंगे और जनता, पूर्व सैनिकों, युवाओं व स्थानीय लोगों से विस्तार से बातचीत करेंगे।
