बदरीनाथ यात्रा में स्वास्थ्य जांच से बच रहे श्रद्धालु, अब तक 40 मौतें
चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले कई श्रद्धालुओं की ऊंचाई वाले क्षेत्र में तबीयत बिगड़ रही है। सबसे अधिक मामले सांस लेने में दिक्कत और उच्च रक्तचाप से जुड़े सामने आ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बदरीनाथ धाम और गौचर से बदरीनाथ तक यात्रा मार्ग पर अब तक स्वास्थ्य बिगड़ने से 40 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। वहीं, बदरीनाथ क्षेत्र के अस्पतालों, एमआरपी सेंटर और इमरजेंसी सेवाओं के माध्यम से 7,050 से अधिक श्रद्धालुओं को उपचार दिया गया है।
धाम से पहले पांडुकेश्वर में स्वास्थ्य जांच केंद्र बनाया गया है, लेकिन बड़ी संख्या में यात्री स्क्रीनिंग से बच रहे हैं। अब तक यहां लगभग 54 हजार श्रद्धालुओं की ही जांच हो पाई है, जबकि एक महीने में आठ लाख से अधिक श्रद्धालु बदरीनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि स्वास्थ्य जांच जरूर कराएं और किसी भी परेशानी को नजरअंदाज न करें।
