उत्तराखंड में SIR अभियान: बीएलओ को मोबाइल रिचार्ज के लिए मिलेंगे 350 रुपये
देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान यानी SIR के तहत कार्य कर रहे बूथ लेवल ऑफिसर को चुनाव आयोग की ओर से मोबाइल डाटा रिचार्ज के लिए धनराशि दी जाएगी। प्रदेश में तैनात 11,733 बीएलओ को एक माह के मोबाइल रिचार्ज के लिए 350 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के अनुसार, एसआईआर अभियान के दौरान बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराने हैं। इसके बाद भरे हुए फॉर्म को बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटलाइज किया जाएगा। इसी काम में मोबाइल डाटा की जरूरत को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रदेश में बीएलओ आठ जून से सात जुलाई तक मतदाताओं से संपर्क कर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे। इस अवधि में एप के जरिए फॉर्म अपलोड करने और डिजिटल प्रक्रिया पूरी करने के लिए इंटरनेट की आवश्यकता होगी। इसलिए आयोग ने सभी बीएलओ को मोबाइल रिचार्ज के लिए निर्धारित राशि देने के आदेश जारी कर दिए हैं।
ऑनलाइन भी भरा जा सकेगा SIR फॉर्म
मतदाता चाहें तो बीएलओ का इंतजार किए बिना ऑनलाइन माध्यम से भी SIR फॉर्म भर सकते हैं। इसके लिए voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर ECI Net मोबाइल एप का लिंक प्राप्त किया जा सकता है। एप इंस्टॉल करने के बाद मतदाता अपना फॉर्म स्वयं भरकर अपलोड कर सकेंगे।
इसके अलावा वेबसाइट पर SIR फॉर्म भरने का सीधा विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। इसमें वोटर आईडी कार्ड नंबर दर्ज करने के बाद राज्य का चयन करना होगा और आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। उत्तराखंड के लिए यह सुविधा आठ जून से शुरू होगी।
