उत्तरकाशी: खरादी क्षेत्र में यमुना नदी के डायवर्जन पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

0
image44

उत्तरकाशी/बड़कोट। खरादी क्षेत्र के ग्रामीणों ने यमुना नदी में किए जा रहे डायवर्जन कार्य को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि चैनलाइजेशन के नाम पर नदी के प्रवाह को बस्ती की ओर मोड़ा जा रहा है, जिससे आवासीय और व्यावसायिक भवनों पर खतरा बढ़ सकता है।

इस संबंध में ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी बड़कोट को ज्ञापन सौंपकर तत्काल जांच की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि नगाणगांव क्षेत्र में मशीनों के माध्यम से नदी का रुख बदलने और मलबा दोनों ओर जमा करने का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में सरकार ने खरादी क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा के लिए कार्य कराए थे, लेकिन वर्तमान स्थिति से उन सुरक्षात्मक कार्यों पर भी असर पड़ सकता है।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यदि नदी का बहाव बस्ती की ओर बना रहा तो भविष्य में बड़ी आपदा जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर निरीक्षण कर नदी से निकले मलबे को पहले से बनी सुरक्षा दीवारों के अनुरूप व्यवस्थित किया जाए।

ग्रामीणों ने इस मामले में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल से भी हस्तक्षेप की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में सोवेन्द्र सिंह, प्रमोद सिंह पयाल, प्रज्ञा रावत, कुलबीर रावत, राजेन्द्र रावत और मोहन सिंह पंवार सहित कई स्थानीय लोग शामिल रहे।

वहीं सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पन्नी लाल ने बताया कि वर्तमान में खरादी क्षेत्र में विभाग की ओर से ऐसा कोई कार्य नहीं किया जा रहा है। उनके अनुसार, करीब एक वर्ष पहले कुछ हिस्सों में चैनलाइजेशन कार्य कराया गया था, लेकिन फिलहाल कोई नया कार्य नहीं चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!