उत्तराखंड में SIR अभियान शुरू, सोमवार से घर-घर गणना फॉर्म बांटेंगे BLO
देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम यानी SIR के तहत सोमवार से मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रदेश के सभी बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से बीएलओ को सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ तक गणना फॉर्म पहुंचा दिए गए हैं। अब बीएलओ 8 जून से 7 जुलाई तक मतदाताओं से संपर्क कर फॉर्म वितरित करेंगे और प्राप्त गणना फॉर्म को बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटलाइज करेंगे।
मतदाता “बुक ए कॉल” सुविधा का ले सकते हैं लाभ
जो मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे “Book a Call with BLO” सुविधा का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECI-Net मोबाइल एप के माध्यम से अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं।
कॉल बुक करने के बाद दो दिनों के भीतर बीएलओ संबंधित मतदाता से संपर्क करेंगे। यदि बीएलओ के क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता, तो बीएलओ तीन बार घर पर विजिट करेंगे। इसके साथ ही घर पर स्टीकर लगाकर अगले दौरे की तारीख और अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज करेंगे, ताकि मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर सकें।
गणना फॉर्म के साथ पासपोर्ट साइज फोटो रखें तैयार
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें और गणना फॉर्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराएं। 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर भ्रमण के दौरान गणना फॉर्म के साथ किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट रोल प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 के बीच नोटिस जारी कर दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
मतदाता चाहें तो ECI-Net एप के माध्यम से गणना फॉर्म ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। फॉर्म भरने के बाद उसे ऑनलाइन अपलोड भी किया जा सकता है। इसके अलावा यदि कोई पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहता है, तो वह अपने बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भर सकता है।
