Champawat News: पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने खाली बर्तनों के साथ किया प्रदर्शन

0
image54

लोहाघाट। चंपावत जिले के लोहाघाट विकासखंड के सुंई पऊ क्षेत्र में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान हैं। लंबे समय से पर्याप्त पानी न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने खाली बर्तनों के साथ जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया और जल्द समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

प्रधान प्रतिनिधि योगेश ओली के नेतृत्व में गलचौड़ा क्षेत्र में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि सुंई लिफ्ट पेयजल योजना से कभी दूसरे दिन तो कभी तीसरे दिन पानी की आपूर्ति होती है। आपूर्ति के दौरान भी सिर्फ 15 से 20 मिनट ही पानी मिल पाता है, जिससे ग्रामीणों की जरूरत पूरी नहीं हो रही है।

पानी की कमी के कारण लोग प्राकृतिक जल स्रोतों और हैंडपंपों से पानी लाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सुंई लिफ्ट योजना से सुंई पऊ, चनकांडे, सातखाल, चमनपुर और छमनिया सहित कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति होती है, लेकिन नियमित पानी न मिलने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जल संस्थान को कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो वे आंदोलन तेज करेंगे।

प्रदर्शन में बद्री दत्त जोशी, गिरीश पांडेय, अमरनाथ शर्मा, राजू पांडेय, कपिल जोशी, पंकज राम सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!