मसूरी में दर्दनाक हादसा: झड़ीपानी रोड के पास खाई में गिरी कार, चार लोगों की मौत
मसूरी के झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत की सूचना है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि कार में चार यात्री सवार थे।
पुलिस के अनुसार, सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना मसूरी को सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड पर एक वाहन ढलान से अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई और अन्य बचाव एजेंसियों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे से पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। बातचीत के दौरान उन्होंने खुद को उत्तरकाशी का रहने वाला बताया था। सामान लेने के बाद जैसे ही वे कार में बैठे, वाहन अचानक ढलान की ओर तेजी से बढ़ने लगा।
प्रारंभिक जानकारी में वाहन के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कार नियंत्रण खोते हुए खाली प्लॉट से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और बचाव टीम द्वारा दुर्घटना से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
