मुख्यमंत्री धामी ने ‘मेरी योजना’ पुस्तक की ऑडियो क्लिप का किया अनावरण

0
image157

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक की ऑडियो क्लिप का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक जगह संकलित किया गया है, जिससे आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पुस्तक में केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं के साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी गई है। इसमें योजनाओं की पात्रता, मिलने वाले लाभ और आवेदन प्रक्रिया को आमजन की सुविधा के अनुसार प्रस्तुत किया गया है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग लगातार नए प्रयास करें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शासनादेशों को भी सरल भाषा में जारी किया जाना चाहिए, ताकि आम नागरिक उन्हें आसानी से समझ सकें।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश विकास के नए आयामों को छू रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को लगातार सहयोग मिल रहा है, जिससे राज्य में सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की कार्यशैली से प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली, मिशन एप्पल और अन्य योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन श्री दीपक कुमार ने बताया कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी सहित अन्य रेडियो स्टेशनों पर प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग अब तक इस पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है और इसका डिजिटल संस्करण भी जारी किया जा चुका है।

इस अवसर पर महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!