डीएम प्रशांत आर्य के निर्देशन में एसआईआर जागरूकता अभियान तेज, विद्यार्थियों ने अभिभावकों को लिखे जागरूकता पत्र

0
image53

उत्तरकाशी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए जनपद के विद्यालयों में अभिनव पहल की जा रही है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य के मार्गदर्शन में चल रहे अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने अपने अभिभावकों और परिजनों को मतदाता सूची से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भेजकर उन्हें जागरूक करने का प्रयास किया।

राजकीय इंटर कॉलेज रानागीठ और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झाला में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों ने उन परिवारजनों के नाम पत्र तैयार किए, जो रोजगार, शिक्षा या अन्य कारणों से अपने मूल निवास स्थान से दूर रह रहे हैं। इन पत्रों में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान, गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया और मतदाता सूची में नाम बनाए रखने के महत्व की जानकारी साझा की गई।

जागरूकता को और प्रभावी बनाने के लिए विद्यार्थियों ने अपने लिखे हुए पत्रों का वाचन करते हुए वीडियो संदेश भी तैयार किए। बाद में इन वीडियो को व्हाट्सएप सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों से संबंधित अभिभावकों और परिजनों तक पहुंचाया गया, ताकि अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाता जागरूकता को लेकर विशेष चर्चा भी आयोजित की गई। प्रधानाचार्य एसपाल भंडारी ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका और मतदाता सूची के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक सटीक और अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार होती है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें अपने परिवार और समाज में भी इस संदेश को पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!