डीएम डॉ. आशीष चौहान ने मतदाता जागरूकता रथों को किया रवाना, शुद्ध मतदाता सूची के लिए जनता से सहयोग की अपील
देहरादून। आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने जनजागरूकता गतिविधियों को तेज कर दिया है। शनिवार को आईटी पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मतदाता जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देंगे।
इस अवसर पर आयोजित जागरूकता गोष्ठी में डॉ. चौहान ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष पुनरीक्षण कार्य चलाया जा रहा है, जो 7 जुलाई तक जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा रहे हैं, जबकि मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित अथवा डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से चल रही है। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने और उन्हें एकत्र करने का कार्य कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी निर्धारित आवेदन पत्र भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।
प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, देहरादून जिले की 10 विधानसभा सीटों में कुल 1,882 मतदान केंद्र हैं और यहां 13.76 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। अब तक लगभग 6.60 लाख मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं। वहीं हजारों प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी किया जा चुका है।
डॉ. चौहान ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराएं और गणना प्रपत्र भरकर जमा करें, ताकि मतदाता सूची का अद्यतन कार्य निर्धारित समय में पूरा हो सके।
उन्होंने बताया कि मतदाता अपनी जानकारी निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी देख सकते हैं। इसके अलावा ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के माध्यम से संबंधित बीएलओ से सीधे संपर्क किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए निर्वाचन आयोग के हेल्पलाइन नंबर 1950 का उपयोग किया जा सकता है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, बूथ लेवल अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
